छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले अंतर्गत चांदामेटा स्थित पंकज स्टेडियम में विजयादशमी उत्सव के दौरान हुआ राजनीतिक विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। रावण दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच मंच और मैदान पर जमकर नोकझोंक व हंगामा हुआ था। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी की नेत्री एवं विधानसभा प्रभारी ज्योति की लिखित शिकायत पर पुलिस ने परासिया से कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीक सहित उनके समर्थक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामला कायम कर पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चांदामेटा के पंकज स्टेडियम में दशहरा उत्सव और रावण दहन का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान किसी बात को लेकर कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीक और भाजपा नेत्री ज्योति आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच जमकर तीखी बहसबाजी और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक ने भी आयोजन समिति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर कई तीखे व गंभीर सवाल खड़े किए थे। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुए, जिनमें दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प साफ दिखाई दे रही है।

दशहरा कार्यक्रम में हुए विवाद के बाद भाजपा नेत्री ज्योति ने चांदामेटा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने सार्वजनिक मंच पर अभद्र व्यवहार, विवाद और शांति भंग करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय विधायक सोहन वाल्मीक और उनके एक समर्थक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दशहरा उत्सव के दौरान चांदामेटा में हुए विवाद को लेकर थाने में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता के बयानों और प्राथमिक तथ्यों के आधार पर विधायक सहित दो लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध वीडियो फुटेज और साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।