छतरपुर/हरपालपुर, शिवम सोनी। हरपालपुर नगर में अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। नगर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर हाथ ठेले, फल-सब्जी की दुकानें तथा फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के हरिहर रोड, पुरानी गल्ला मंडी और लहचुरा रोड पर फल-सब्जी के ठेले तथा सड़क किनारे लगने वाली दुकानों के कारण यातायात बाधित होता है। कई बार जाम इतना लंबा हो जाता है कि लोगों को निकलने में काफी समय लग जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी होती है। वहीं, बड़े वाहनों के निकलने के दौरान हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
इसी समस्या को देखते हुए शुक्रवार शाम हरपालपुर थाना प्रभारी नितिन शर्मा पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर पैदल भ्रमण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे हाथ ठेले लगाने वाले फल-सब्जी विक्रेताओं और फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को सख्त हिदायत दी। टीआई ने दुकानदारों से अपनी दुकानें सड़क से हटाकर निर्धारित स्थान के अंदर लगाने तथा आवागमन के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने को कहा।
थाना प्रभारी नितिन शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर में जाम की स्थिति बनने से रोकने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समझाइश के बाद भी सड़क और चौराहों पर दुकानें लगाई गईं, तो नगर पालिका अमले के सहयोग से संबंधित लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नगर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाना और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।













