राजगढ़। जिले के ब्यावरा स्थित भोजपुर थाने में पुलिसकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार एसआई विनोद मीना और एएसआई अशोक कटारिया के बीच बीट में दखलअंदाजी और हिस्से को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पुलिसकर्मी थाने के अंदर से धक्का-मुक्की करते हुए बाहर मैदान तक पहुंच गए और वहां गुत्थम-गुत्था हो गए। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सीसीटीवी में भी कैद हुआ है।
थाना परिसर में अचानक हुए हंगामे की आवाज सुनकर थाना प्रभारी संगीता शर्मा मौके पर पहुंचीं और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों को अलग कराया। टीआई ने दोनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। घटना के दौरान थाने में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। टीआई के अनुसार दोनों पुलिसकर्मियों के बीच मामूली विवाद था, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

