मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। थाना अम्बाह पुलिस ने चोरी-नकबजनी की पांच वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी समेत करीब 3 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 की रात करनसिंह तोमर के घर में चोरी हुई थी, जहां से 75 हजार रुपए नगद, सोने की झुमकी व बाला, चांदी की पायल और बच्चों की चूड़ियां चोरी हुई थीं। मामले में अम्बाह थाने में अपराध क्रमांक 209/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।


जांच के दौरान 28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुनावली नहर की पुलिया के पास दबिश देकर ओमवीर सिंह तोमर और विकास तोमर उर्फ चिंगारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक दोनों ने अम्बाह और पोरसा क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।


आरोपियों की निशानदेही पर सोने की झुमकी, बाला, चांदी की पायल, तोड़िया, बच्चों की चूड़ियां और नगदी सहित करीब 3 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। कार्रवाई एसपी मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन तथा एसडीओपी अम्बाह प्रशान्त सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना अम्बाह पुलिस टीम ने की।