छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। वार्ड नंबर 25 की महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों, नशाखोरी और गुंडागर्दी को लेकर सांसद विवेक बंटी साहू से शिकायत की। महिलाओं का कहना था कि शाम के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने से महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।


शिकायत मिलने पर सांसद विवेक बंटी साहू तत्काल कोतवाली पहुंचे और थाना प्रभारी आशीष धुर्वे को अपनी स्कूटी पर बैठाकर सीधे वार्ड नंबर 25 में महिलाओं के बीच पहुंच गए। मौके पर महिलाओं ने क्षेत्र की समस्याएं और असुरक्षा की स्थिति सांसद व थाना प्रभारी के सामने रखी।


सांसद ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने को कहा। थाना प्रभारी ने भी महिलाओं को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सांसद के इस सहज अंदाज और शिकायत पर तत्काल मौके पर पहुंचने की पहल की क्षेत्र में चर्चा रही।