छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले के जुन्नारदेव के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बिचबेहरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कुछ समय पहले जहां छात्राओं की ओर से अतिथि शिक्षिका दीपिका राठौर पर गंभीर आरोप लगाए गए थे, वहीं अब शिक्षिका ने जुन्नारदेव एसडीओपी को लिखित शिकायत देकर अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार और षडयंत्र बताया है।


शिक्षिका दीपिका राठौर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके चरित्र पर सवाल उठाए जा रहे हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर उन्हें सामाजिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विद्यालय से जुड़े कुछ लोगों ने छात्राओं को बहला-फुसलाकर उनके खिलाफ बयान दिलवाए हैं।


शिक्षिका ने यह भी कहा है कि पूरे विवाद के चलते वह मानसिक रूप से बेहद तनाव में हैं और उनके मन में आत्महत्या जैसे विचार तक आ रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वायरल वीडियो और स्कूल रिकॉर्ड की जांच करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


वहीं अब इसी स्कूल की एक छात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह शिक्षिका के पक्ष में बयान देती हुई नजर आ रही है। एक ही स्कूल से मामले को लेकर अलग-अलग बयान सामने आने के बाद विवाद और पेचीदा हो गया है।


फिलहाल छात्राओं के पहले सामने आए आरोप और अब शिक्षिका के पक्ष में सामने आ रहे बयान के बीच वास्तविक सच्चाई क्या है, यह जांच का विषय है। मामले में पुलिस की निष्पक्ष जांच और सभी पक्षों के बयान के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।