दोहा। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 306 रनों से रौंदा। भारत-ए से मिले 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की पूरी टीम सिर्फ 26 रन बनाकर सिमट गई। टीम के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। भारत-ए ने इस रिकॉर्ड जीत के साथ ही इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम ने लिस्ट-ए क्रिकेट में रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इससे पहले, यह रिकॉर्ड लीसेस्टरशायर के नाम था। इंग्लैंड के काउंटी क्लब ने 2018 में 281 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।

वहीं, वेस्टइंडीज-ए टीम ने 2018 में ही 203 रनों से जीत दर्ज की थी। प्रिंस यादव और हर्षित राणा की गेंदों के आगे नेपाल के बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए और टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। नेपाल का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। नेपाल ने लिस्ट-ए क्रिकेट का चौथा न्यूनतम स्कोर बनाया।

इससे पहले भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 332 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शानदार शतक लगाए। तिलक ने 113 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं, कुशाग्र ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंदों पर 117 रन जड़े और अपनी पारी में 10 चौके तथा 5 छक्के लगाए।

हालांकि, भारत-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 42 के स्कोर पर टीम ने 3 बड़े विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तिलक और कुशाग्र ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 191 गेंदों में 206 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अंतिम ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए। 257 से अधिक के स्ट्राइक रेट से खेली गई उनकी पारी में 1 चौका और 4 छक्के शामिल रहे। वैभव सूर्यवंशी ने भी 26 रनों का योगदान दिया। हालांकि, अभिषेक शर्मा (9), आयुष बदोनी (2) और रिंकू सिंह (9) सस्ते में आउट हुए।