मेलबर्न। बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान बिग बैश लीग (बीबीएल) में डेब्यू के लिए तैयार हैं। वह लीग के आगामी सीजन (बीबीएल 16) में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
मेलबर्न रेनेगेड्स ने जेसन बेहरेनडॉर्फ की चोट के बाद अपनी तेज गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए मुस्तफिजुर रहमान को साइन किया है। बेहरेनडॉर्फ कंधे की सर्जरी के कारण इस सीजन से बाहर रहेंगे।
रेनेगेड्स के हेड कोच ल्यूक रोंची का मानना है कि बांग्लादेश के इस खिलाड़ी की पारी के अलग-अलग स्टेज पर ब्रेकथ्रू दिलाने की काबिलियत बॉलिंग यूनिट में एक अहम पहलू जोड़ेगी।
ल्यूक रोंची ने कहा, "मुस्तफिजुर पूरी दुनिया में टी20 क्रिकेट में एक मैच-विनर हैं। पावरप्ले और डेथ ओवरों में विकेट लेने की उनकी क्षमता ठीक वैसी ही है जैसी हम अपने अटैक में चाहते थे। बीबीएल के दर्शकों को ऐसा खिलाड़ी पसंद आता है जो एक ही ओवर में गेम बदल सके और मुस्तफिजुर ऐसा ही कर सकते हैं। हर गेंद में कुछ खास करने की क्षमता होती है। हमारे फैंस उन्हें गर्मियों में धमाल मचाते हुए देखना पसंद करेंगे।"
मुस्तफिजुर बीबीएल में खेलने वाले बांग्लादेश के तीसरे खिलाड़ी हैं। शाकिब अल हसन पहले खेल चुके हैं, जबकि रिशाद हुसैन मौजूदा सीजन में होबार्ट हरिकेंस के लिए खेलेंगे।
मुस्तफिजुर अपनी स्विंग और यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं। 31 साल के इस खिलाड़ी के पास दुनियाभर की क्रिकेट लीग में खेलने का लंबा अनुभव है। लीग और अंतरराष्ट्रीय टी20 में कुल 331 मैच खेलकर उन्होंने 423 विकेट लिए हैं।
उनके लीग करियर में नौ बांग्लादेश प्रीमियर लीग कैंपेन और आठ आईपीएल सीजन शामिल हैं। वह 2016 में आईपीएल का खिताब जीतने वाली सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा थे। यह आईपीएल में उनका पहला सीजन था।
बीबीएल में खेलने को लेकर उत्साहित मुस्तफिजुर ने कहा कि वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेलने का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "मैं मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ पहली बार बीबीएल में खेलने का इंतजार कर रहा हूं। एमसीजी में अपने होम ग्राउंड के तौर पर खेलना खास होगा और मैं अपने साथियों के साथ जुड़ने और अपना अनुभव टीम में लाने के लिए उत्साहित हूं।"
मुस्तफिजुर आईएलटी 20 में दुबई कैपिटल्स के साथ अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण चेन्नई में पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ रेनेगेड्स के ऐतिहासिक सीजन ओपनर के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। वह बाकी टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहेंगे।

















