छतरपुर, संजय अवस्थी। छतरपुर के प्रसिद्ध प्रताप सागर चौपाटी पर इन दिनों भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य गरबा महोत्सव अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। समिति के पवन मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और श्रद्धालुओं ने मां जगदम्बा की भक्तिभाव से आराधना की।
मां भगवती की आरती के बाद गरबा प्रांगण में थिरकीं क्षेत्रीय विधायक
इस आयोजन की मुख्य खास बात क्षेत्रीय विधायक ललिता यादव की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं विधायक ने सबसे पहले मां भगवती की विधि-विधान से आरती उतारी। इसके बाद वे खुद को गरबा के रंग में रंगने से रोक नहीं सकीं और गरबा प्रांगण में श्रद्धालुओं व बेटियों के साथ कदम से कदम मिलाकर गरबा नृत्य कर उत्सव की रौनक बढ़ाई।
बुंदेलखंड के सबसे बड़े गरबा महोत्सव का 19वां वर्ष, 19 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
हिंदू उत्सव समिति के पवन मिश्रा ने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र का यह प्रतिष्ठित और सबसे बड़ा गरबा महोत्सव अपने सफलता के 19वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। 14 अक्टूबर से शुरू हुआ यह भक्तिमय आयोजन 19 अक्टूबर तक अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति, अपनी समृद्ध परंपराओं और धार्मिक संस्कारों से जोड़ना है।
सामाजिक समरसता की मिसाल: देशभक्ति और धार्मिक धुनों पर थिरक रहे श्रद्धालु
गरबा प्रांगण में सामाजिक समरसता का सुंदर नजारा देखने को मिल रहा है। बिना किसी सामाजिक या जातीय भेदभाव के सभी वर्गों की बेटियां और श्रद्धालु एक साथ मिलकर देशभक्ति एवं धार्मिक गीतों की धुनों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दे रहे हैं। इस भव्य आयोजन में प्रतिदिन शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिल रही है।

















