रायसेन, देवेन्द्र मिश्रा। देवलापुर गांव में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब मामा के घर आया तीन वर्षीय मासूम खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।


जानकारी के अनुसार अभिराज राजपूत (3) पिता राहुल राजपूत निवासी मरखंडी, करीब दस दिन पहले अपने मामा जयकुमार राजपूत के घर देवलापुर आया हुआ था। सोमवार शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच वह घर के आसपास खेल रहा था, तभी अचानक कहीं चला गया और परिजनों की नजरों से ओझल हो गया।


परिजनों एवं ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई सुराग नहीं मिलने पर घटना की सूचना सुल्तानगंज थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से सघन खोज अभियान शुरू कराया।


लगातार करीब पांच घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान मासूम बच्चा गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर उमरहारी बांध के पास नहर किनारे जंगल क्षेत्र में सुरक्षित हालत में चलता हुआ मिला। बच्चे के मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।


पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सुल्तानगंज पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।