सतना, सजल कुमार रजक। नगर पालिक निगम ने बकाया संपत्तिकर की वसूली को लेकर अब आक्रामक और कड़ा रुख अपना लिया है। निगम प्रशासन ने 50 हजार रुपये से अधिक का संपत्तिकर बकाया रखने वाले शहर के करीब 6 हजार बड़े करदाताओं को औपचारिक नोटिस जारी किए हैं। इन सभी डिफॉल्टर्स पर कुल 54 करोड़ 83 लाख रुपये का राजस्व बकाया है, जिसकी वसूली के लिए निगम ने कमर कस ली है।

15 दिन की अंतिम मोहलत, सीलिंग और कुर्की की चेतावनी नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत, नोटिस मिलने के बाद करदाताओं को बकाया राशि चुकाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर राशि जमा नहीं की जाती है, तो संबंधित आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और शासकीय संपत्तियों को सील करने के साथ-साथ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

आवासीय से लेकर शासकीय संस्थान तक रडार पर निगम द्वारा जारी किए गए नोटिसों के दायरे में केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान, औद्योगिक क्षेत्रों की इकाइयां, ट्रांसपोर्ट नगर के संस्थान और कई सरकारी महकमे भी शामिल हैं। राजस्व विभाग के अमले ने सभी संबंधित बकाएदारों तक नोटिस पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब मैदानी स्तर पर वसूली की मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है।


कुर्की के दौरान मौजूद रहेंगे एसडीएम और पुलिस बल कार्रवाई के अगले चरण में जब संपत्तियों की जब्ती और सीलिंग की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, तब प्रशासनिक अमले के साथ एसडीएम की मौजूदगी अनिवार्य होगी। इसके अलावा, किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस बल का भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि अभियान में कोई बाधा न आए।

सुविधा के लिए पांचों जोन में खुले विशेष काउंटर करदाताओं को अपना टैक्स जमा करने में किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर निगम मुख्यालय के साथ-साथ शहर के सभी पांचों जोन कार्यालयों में विशेष कर संग्रह काउंटर बनाए गए हैं। नगर निगम ने अपील की है कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए सभी बकाएदार समय रहते अपना कर जमा कर दें।