तेल अवीव। फ्लाईदुबई की उड़ान पर सितंबर में हुए हमले की जांच और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए इजरायल के परिवहन मंत्रालय का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दौरे पर जाएगा। प्रतिनिधिमंडल दुबई में स्थानीय सुरक्षा और विमानन अधिकारियों से मुलाकात करेगा। इस दौरान तेल अवीव और दुबई के बीच अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवहन मंत्रालय के महानिदेशक मोशे बेन जाकेन के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई घटना की जांच से जुड़ी जानकारी हासिल करेगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेगा।
चैनल 13 की रिपोर्ट के अनुसार, बातचीत का प्रमुख मुद्दा तेल अवीव-दुबई हवाई मार्ग को अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियों के लिए फिर से खोलने की तैयारी होगा। इसके अलावा इजरायली एयरलाइंस की यूएई के लिए उड़ानें दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद इजरायल का परिवहन मंत्रालय फैसला करेगा कि फ्लाईदुबई को फिर से इजरायल के लिए उड़ानें संचालित करने की अनुमति दी जाए या नहीं। विमान में हुई गंभीर सुरक्षा घटना के बाद एयरलाइन की इजरायल के लिए सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी।
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में ओमान के सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने विमान के कप्तान स्मित माच्छर (भारतीय मूल) पर हमला कर दिया था और विमान को गिराने की कोशिश की थी। हमले के दौरान सह-पायलट ने कप्तान के सिर के पिछले हिस्से पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के दौरान विमान हजारों फीट नीचे आ गया। विमान में सवार कुछ इजरायली यात्रियों ने कॉकपिट में प्रवेश कर हमलावर सह-पायलट को काबू किया। इसके बाद उड़ान में मौजूद दो अन्य ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और सऊदी अरब में उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई।
बाद में एक दूसरे विमान की व्यवस्था कर यात्रियों को तेल अवीव वापस पहुंचाया गया।














