भोपाल। मध्य प्रदेश के आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने वाला है। सांची और अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया है। प्रदेश भर में मदर डेयरी के दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए गए हैं और ये नई दरें आज यानी 14 नवंबर से ही लागू हो गई हैं। कंपनी ने अपने सभी वैरिएंट्स की कीमतों में यह बढ़ोतरी की है। गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर को अमूल और 14 नवंबर से ही सांची ने भी अपने दूध के दाम बढ़ाए थे।


सांची के रेट बढ़ने के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाई कीमतें; प्रदेश में रोजाना 1.5 लाख लीटर की सप्लाई

मदर डेयरी ने 11 नवंबर को ही नई दिल्ली में दूध की कीमतें बढ़ा दी थीं। स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश में आमतौर पर सांची या स्थानीय दुग्ध संघों द्वारा कीमतें बढ़ाने के बाद ही अन्य कंपनियां दरें संशोधित करती हैं। चूंकि अमूल के बाद सांची ने भी रेट बढ़ा दिए थे, इसलिए 14 नवंबर से मदर डेयरी ने भी नई दरें लागू कर दी हैं। पूरे मध्य प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है, जिसमें से अकेले राजधानी भोपाल में लगभग 25 हजार लीटर दूध की खपत होती है। भोपाल के अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर जैसे शहरों में भी इसकी नियमित आपूर्ति होती है। प्रदेश में पैकेट वाले दूध की खपत के मामले में सांची सबसे आगे है, जिसकी भोपाल में औसतन 3 लाख लीटर रोजाना बिक्री होती है। दूसरे नंबर पर अमूल (करीब 80 हजार लीटर) और तीसरे नंबर पर मदर डेयरी है। इसके अलावा भोपाल व ग्रामीण क्षेत्रों में सौरभ और श्रीधी दूध की संयुक्त खपत करीब 1 लाख लीटर प्रतिदिन है, जबकि शहर में खुले दूध की खपत 6 से 8 लाख लीटर रोजाना है।


जानिए दूध के अलग-अलग वैरिएंट्स में क्या होता है अंतर

  • फुल क्रीम मिल्क (Full Cream Milk): इसमें फैट की मात्रा सबसे अधिक (कम से कम 6 प्रतिशत) होती है। यह सबसे गाढ़ा और पोषण से भरपूर माना जाता है।
  • टोंड मिल्क (Toned Milk): फुल क्रीम दूध में स्किम्ड मिल्क और पानी मिलाकर इसे तैयार किया जाता है, ताकि इसमें फैट का प्रतिशत घटाकर लगभग 3 प्रतिशत तक लाया जा सके।
  • डबल टोंड मिल्क (Double Toned Milk): इसमें फैट की मात्रा को और कम करके लगभग 1.5 प्रतिशत कर दिया जाता है। यह कम कैलोरी वाली डाइट पसंद करने वाले लोगों के लिए उपयुक्त होता है।
  • बल्क टोंड मिल्क (Bulk Toned Milk): यह मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ (टोकन मशीन) पर बिना प्लास्टिक पाउच के सीधे मिलने वाला टोंड दूध होता है।