सतना, सजल कुमार रजक। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अमौधा इलाके में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक फौजी के सूने घर को अपना निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है।

मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश

घटना 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। बदमाशों ने मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वे सीधे बेडरूम तक पहुंचे और अलमारी को खंगालकर उसमें रखे सभी सोने-चांदी के जेवरात चुराकर फरार हो गए।

CCTV फुटेज में नजर आए पांच संदिग्ध


वारदात को अंजाम देने वाले पांच संदिग्ध आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। मकान मालिक शिवओम ठाकुर सेना में हैं और उनकी पत्नी कल्याणी ठाकुर ने सिविल लाइन थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी धरपकड़ के प्रयास कर रही है।