मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ तहसील के चंद्रपुरा गांव के युवा कलाकार जितेंद्र मेघवाल ने अपनी अनोखी कला से सबको चौंका दिया है। उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता Sonu Sood का 30×30 फीट का विशाल चित्र धागों (ऊन) से तैयार किया, जो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यह कलाकृति ‘कार्ट आर्ट’ तकनीक से बनाई गई है, जिसे तैयार करने में जितेंद्र ने करीब 20 दिनों तक लगातार मेहनत की।


इस अनोखी कला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीधे सोनू सूद तक पहुंचा। उनकी टीम ने प्रभावित होकर जितेंद्र को मुंबई बुलाया, जहां अभिनेता ने उनसे मुलाकात कर उनकी कला की सराहना की और सम्मानित किया। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले जितेंद्र पहले भी छोटे चित्र बना चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने बड़ा लक्ष्य तय किया और उसे पूरा कर दिखाया।


जितेंद्र अब अपनी इस कला के माध्यम से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की दिशा में भी प्रयासरत हैं। उनकी यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।