छतरपुर, विनोद मिश्रा । जिला मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र से एक रूहकंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल 8 अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस स्टैंड पर रात करीब 10 से 11 बजे तीन अज्ञात बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की को दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दरिंदगी की गई। डरी-सहमी पीडि़ता सुबह अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल की बारीकी से शिनाख्त कर रही है कि वारदात को बस स्टैंड के पास किसी सुनसान जगह पर अंजाम दिया गया या फिर किसी होटल में। यह पूरा विषय अभी विवेचना में है।
प्रेमी के छोड़े जाने के बाद बनी शिकार
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नाबालिग पीडि़ता सटई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने एक रिश्तेदार के साथ छतरपुर बस स्टैंड पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वे घर से भागने की फिराक में थे। लेकिन बस स्टैंड पहुंचने के बाद कथित प्रेमी युवक डर गया और नाबालिग को वहीं अकेला छोड़कर रफूचक्कर हो गया। इसके बाद लड़की बस स्टैंड पर बने मुसाफिरखाने में अकेली थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों की नजर उस पर पड़ी। सुनसान रात और लड़की को अकेला देख आरोपियों की नीयत बिगड़ गई। वे उसे बहला-फुसलाकर या डरा-धमकाकर मुसाफिरखाने से उठाकर ले गए और गैंगरेप की इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मुसाफिरखाने और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जनचर्चा है कि नाबालिग के साथ किसी होटल में इस वारदात की घटना को अंजाम दिया गया है।

