भोपाल, जीतेन्द्र यादव। महाराष्ट्र MLC चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की एकतरफा और प्रचंड जीत के बाद मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। भोपाल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इन नतीजों ने विपक्ष के उस नैरेटिव को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है, जिसमें वे हमेशा ईवीएम पर सवाल खड़े करते थे। यह चुनाव पूरी तरह से बैलेट पेपर पर लड़ा गया था, लेकिन नतीजे फिर भी भाजपा के पक्ष में आए और कांग्रेस को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।
देश में पीएम मोदी की आंधी, जहां कांग्रेस सरकार वहां भी भाजपा का परचम
विश्वास सारंग ने कहा कि MLC चुनाव के नतीजों ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के सुशासन की आंधी चल रही है। स्थिति यह है कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां भी जनता ने भाजपा पर ही अपना भरोसा जताया है। उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी दिग्गजों को नसीहत देते हुए कहा कि वे अब झूठ, भ्रम और अराजकता फैलाने की राजनीति बंद कर दें, क्योंकि जनता सच्चाई समझ चुकी है।
जीतू पटवारी के बयान पर पलटवार: कांग्रेस की सिख विरोधी मानसिकता फिर उजागर
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को काले झंडे दिखाने संबंधी बयान पर मंत्री विश्वास सारंग ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी का यह बयान कांग्रेस की सिख विरोधी सोच को साफ दर्शाता है। कांग्रेस को हरदीप सिंह पुरी से केवल इसलिए चिढ़ और जलन है क्योंकि वे सिख हैं।
सिख समाज का इतिहास और कांग्रेस का रुख: सारंग ने याद दिलाया इंदौर का वाकया
मंत्री सारंग ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सिखों का अपमान किया है और इस समाज के खिलाफ काम किया है। 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिखों के कत्लेआम की दोषी रही है। पूर्व में इंदौर में सिख समाज द्वारा कमलनाथ के किए गए बहिष्कार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हरदीप सिंह पुरी का विरोध नहीं कर रहे, बल्कि वे पूरे सिख समुदाय के खिलाफ अपनी नफरत जाहिर कर रहे हैं।

















