भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर एक महिला ने सनसनीखेज दावा किया है। 'रश्मि नागर सिंह चौहान' नाम की एक महिला ने वीडियो जारी कर यह दावा किया है कि वह पिछले 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में हैं। महिला ने मंत्री की पत्नी और भाजपा सांसद अनिता चौहान पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं और चेतावनी दी है कि वह मंत्री के आधिकारिक आवास पर जाएंगी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सूबे की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
18 साल की उम्र से साथ होने का दावा वीडियो में महिला ने दावा किया है कि जब वह 18 वर्ष की थीं, तभी से वे नागर सिंह चौहान के संपर्क में हैं और उनके साथ रिश्ते में हैं। उन्होंने कहा कि वह यह बयान पूरे होश-हवास में दे रही हैं। महिला के मुताबिक, मंत्री ने उन्हें हमेशा साथ रखने का भरोसा दिया था, जिसके चलते उन्होंने अपने जीवन के 20 साल इस रिश्ते को दिए। उन्होंने यह भी बताया कि वह मंत्री के सरकारी आवास के बजाय एक अलग घर में रहती थीं।
सांसद अनिता चौहान पर प्रताड़ना का आरोप रश्मि ने आरोप लगाया कि सांसद अनिता चौहान द्वारा उन्हें और उनके बेटे को गलत संदेश भेजे गए, जिससे उनका बेटा मानसिक रूप से इतना तनाव में आ गया कि वह अपनी परीक्षा देने तक नहीं जा सका। हालांकि, वीडियो में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि महिला का बेटा किसका है। महिला का कहना है कि उन्होंने सांसद को मैसेज कर अपनी बात समझाने की कोशिश की थी, लेकिन इसके जवाब में उन्हें और अधिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
मंत्री और सांसद का पक्ष इस पूरे मामले पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि "ऐसा कुछ नहीं है। मैं इस विषय में पूरी जानकारी लेकर स्थिति स्पष्ट करूंगा।" वहीं, दूसरी ओर सांसद अनिता चौहान ने फिलहाल इस विवाद पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है।
घर जाने की चेतावनी और सुरक्षा की आशंका महिला ने वीडियो के अंत में चेतावनी दी है कि वह शुक्रवार (30 अक्टूबर) की सुबह मंत्री के घर जाने वाली हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि वहां उनके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सांसद अनिता चौहान और उनके परिवार की होगी।

















