भोपाल, जीतेन्द्र यादव: राजधानी के गोविंदपुरा पुलिस ने अंतरराज्यीय बसों की चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की एमडी ड्रग्स बरामद की है। आईएसबीटी के पास दिल्ली से नागपुर जा रही एक यात्री बस में औचक चेकिंग की जा रही थी, उसी दौरान पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की। आरोपी इस खतरनाक ड्रग्स की खेप को बेहद शातिर तरीके से पानी की बोतल में छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान विशाख ए.एन. के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कर्नाटक का रहने वाला है और पेश से मैकेनिकल इंजीनियर है।

त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना और संदेह के आधार पर जब बस की तलाशी ली गई, तो आरोपी के कब्जे से करीब 970 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है। गोविंदपुरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहाँ से उसका रिमांड ले लिया गया है। पुलिस अब इस अवैध ड्रग्स की खरीद-फरोख्त और इसके पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि इसके अन्य सहयोगियों तक भी पहुँचा जा सके।