छतरपुर/बकस्वाहा, राजू दुबे। दमोह-छतरपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बकस्वाहा-छतरपुर मार्ग पर हीरापुर की घाटी के पास सुबह करीब 8:15 बजे डीडीएम यात्री बस और सामने से आ रही एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत यह रही कि दोनों ही वाहनों में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दमोह से छतरपुर के बीच संचालित होने वाली डीडीएम बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी 16 जेड 2208 रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे दमोह से रवाना होकर लगभग 7:30 बजे बकस्वाहा पहुंची थी और वहां से छतरपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हीरापुर से करीब 4-5 किलोमीटर पहले स्थित घाटी के पास सामने से आ रही कार क्रमांक सीजी 04 एचटी 8777 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित होने से प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।