मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत: सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब राजस्थान की ओर से ग्वालियर जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। चलती बस में आग भड़कते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि आग की लपटें तेजी से फैलने से पहले ही सभी यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए बस से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस राजस्थान की तरफ से ग्वालियर के लिए रवाना हुई थी और जैसे ही यह सिविल लाइन थाना इलाके में हाईवे-44 पर पहुंची, उसमें अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी स्लीपर बस धू-धू कर जलने लगी। इस अग्निकांड में बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है, वहीं बस में रखा कई यात्रियों का कीमती सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि बस में आग किन कारणों से लगी।
















