दमोह/हटा, जिमी नगरिया। हटा ब्लॉक के मडियादो संकुल अंतर्गत आने वाले मलवारा गांव का शासकीय प्राथमिक विद्यालय इन दिनों गंभीर बदहाली का शिकार है। स्कूल भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिसके बावजूद 70 से अधिक छात्र-छात्राएं उसी भवन में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। भवन की स्थिति को देखते हुए शिक्षकों और अभिभावकों में लगातार हादसे की आशंका बनी हुई है।
विद्यालय की दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं और कई स्थानों पर टूटे हिस्सों को ईंटों से भरकर अस्थायी मरम्मत की गई है। शिक्षकों का कहना है कि अध्यापन के दौरान हर समय भवन गिरने का भय बना रहता है। बारिश अधिक होने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिसके चलते कई बार स्कूल की छुट्टी करनी पड़ती है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2025 में भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए विद्यालय का संचालन पंचायत भवन में कराया गया था और पूरे वर्ष वहीं शिक्षण कार्य चलता रहा। लेकिन इस वर्ष पंचायत भवन में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्रों को फिर से क्षतिग्रस्त स्कूल भवन में बैठाया जा रहा है। पंचायत भवन में केवल एक कमरा है, जिसकी छत बारिश के दौरान टपकती है। ऐसे में वहां भी नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करना संभव नहीं हो पा रहा।
विद्यालय के शिक्षक ने बताया कि भवन की खराब स्थिति का सीधा असर शैक्षणिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है। वहीं प्रशासन का कहना है कि जर्जर भवनों को चिन्हित कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जा रही है।
इस संबंध में हटा एसडीएम राकेश मरकाम ने बताया कि हाल ही में आयोजित बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि जर्जर स्कूल भवनों को चिन्हित कर विद्यार्थियों के लिए अन्य सुरक्षित भवनों में अध्ययन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।




