मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को शोक में डूबो दिया है। दलौदा थाना क्षेत्र के लखमा खेड़ी फंटे पर मजदूरों से भरी ट्रॉली को पीछे से एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ट्रॉली में करीब बीस मजदूर सवार थे, जो रतलाम जिले के रावटी क्षेत्र के रहने वाले हैं और रेलवे के काम के सिलसिले में मंदसौर आए हुए थे। काम खत्म होने के बाद वे मंदसौर से उज्जैन लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।


हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि पंद्रह से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही दलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल छा गया था और राहत-बचाव के कार्य लगातार जारी रहे।

यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात के समय वाहनों के तेज रफ्तार से चलने के खतरे की याद दिलाती है। परिवारों के बीच मातम छाया हुआ है और घायलों के परिजन अस्पतालों में उनके स्वास्थ्य के लिए चिंतित हैं।