दमोह/मड़ियादो, राजकुमार पाठक। दमोह जिले के मड़ियादो थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 15 पेटी देशी शराब बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी प्रीति पांडे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तिंदनी तिराहा पर वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो क्रमांक MP-39 C-2154 को रोककर तलाशी ली।


तलाशी के दौरान वाहन से 15 पेटी प्रिंस देशी मदिरा (करीब 162 लीटर, 900 पाउच) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 96,400 रुपये बताई गई है। मौके पर शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने वाहन सहित शराब जब्त कर ली। इस मामले में आशाराम पटेल, ब्रजेश पटेल और कल्ला वर्मन, सभी निवासी कोलकरैया, जिला पन्ना, को गिरफ्तार किया गया है।


थाना प्रभारी प्रीति पांडे ने मंगलवार दोपहर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों के खिलाफ मड़ियादो थाना में अपराध क्रमांक 99/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी।