सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों की सनसनीखेज डकैती के मुख्य सूत्रधार को पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तार किया गया आरोपी बिहार के पटना का रहने वाला 26 वर्षीय पीयूष जायसवाल है, जिसे पुलिस ओडिशा की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर सिंगरौली आई है। सिंगरौली एसपी शियाज केएम के अनुसार, पीयूष एक खूंखार अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना है और बिहार पुलिस की सूची में दर्ज शातिर अपराधी है। जांच में खुलासा हुआ है कि वह ओडिशा की जेल में बंद रहने के बावजूद बाहर अपने गुर्गों के माध्यम से इतनी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था।
राजस्थान, कटनी और जयपुर में भी 90 किलो सोने की डकैती का आरोप
आरोपी के आपराधिक इतिहास की पड़ताल में चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2021 से अब तक आरोपी देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों में 90 किलो से अधिक सोने की डकैती में शामिल रह चुका है। वर्ष 2022 में उसने राजस्थान में एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर लगभग 24 किलो सोना और भारी नकदी लूटी थी। इसके अलावा मध्य प्रदेश के कटनी और राजस्थान के जयपुर में भी करीब 22 किलो सोना लूटने की घटनाओं में उसकी मुख्य भूमिका सामने आई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और माल को ठिकाने लगाने वाले ठिकानों का सुराग जुटा रही है।
15 मिनट में हथियार बंद बदमाशों ने मचाया था तांडव
सिंगरौली के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में 17 अप्रैल 2026 की दोपहर को 5 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। बैंक के अंदर घुसते ही अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और वहां मौजूद कर्मचारियों तथा ग्राहकों पर बंदूकें तानकर उन्हें बंधक बना लिया। जब बैंक मैनेजर ने कैश और लॉकर की चाबियां देने में आनाकानी की, तो बदमाशों ने बंदूक की बट से हमला कर उनके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपी गिरवी रखा लगभग 9 से 10 किलो ग्राहकों का सोना और 20 लाख रुपए नकदी अपने साथ लाए पिट्ठू बैग व थैलों में भरकर बाइक से फरार हो गए थे।
मामले में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार, आगे और बड़े खुलासे की उम्मीद
इस अंतरराज्यीय लूटकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए सिंगरौली पुलिस ने बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया। एसपी के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने गिरोह के तकनीकी और मैदानी सुरागों को खंगालते हुए कार्रवाई की। पुलिस अब तक इस पूरे मामले से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मास्टरमाइंड पीयूष जायसवाल से रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों, अन्य राज्यों में की गई वारदातों और सिंगरौली से लूटे गए सोने की बरामदगी को लेकर बेहद महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग सकते हैं।











