बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। मध्य प्रदेश में मानसून की शुरुआत के साथ ही बीना नगर पालिका ने शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर पालिका सभागार में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राहुल कौरव की अध्यक्षता में सभी विभाग प्रमुखों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलभराव, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नालों की सफाई तथा निचली बस्तियों में राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
सीएमओ राहुल कौरव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर के सभी 25 वार्डों में उन स्थानों की विशेष निगरानी की जाएगी, जहां प्रत्येक वर्ष जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। साथ ही स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा प्रमुख नालों की नियमित जांच और सफाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन नालों पर अतिक्रमण पाया जाएगा, उन्हें राजस्व विभाग के सहयोग से हटाया जाएगा ताकि बारिश के दौरान जल निकासी बाधित न हो। वहीं खाली पड़े प्लॉटों में जलभराव होने की स्थिति में संबंधित प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ राहुल कौरव ने कहा कि नगरवासियों को मानसून के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका पूरी तरह सतर्क है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के मौसम में शहर की व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

