नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के इटारसी शहर में रविवार रात करीब 8:30 बजे पुरानी इटारसी क्षेत्र में सड़क किनारे लगे अंडे के ठेले पर रखे एलपीजी सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद ठेला आग के गोले में तब्दील हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षक सहित पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठेले पर अचानक आग लगने के बाद आसपास मौजूद लोग उसे बुझाने के लिए दौड़े थे। इसी दौरान एलपीजी सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया, जिसकी चपेट में पुलिस आरक्षक राजकुमार चौहान, अनुपम महोबिया, कमल, अंशु और एक अन्य व्यक्ति आ गए। सभी घायलों को तत्काल इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।


घायल आरक्षक राजकुमार चौहान ने बताया कि वह पास में ड्यूटी पर तैनात थे। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे, लेकिन आग बुझाने के प्रयास के दौरान अचानक सिलेंडर फट गया। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों को सेकंड और थर्ड डिग्री बर्न हुए हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। देर रात इटारसी के एसडीएम नीलेश शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा घायलों का उपचार जारी है। वहीं, पुलिस ने लोगों से आग लगने की स्थिति में सावधानी बरतने और प्रशिक्षित बचाव दल के पहुंचने तक सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।