बैतूल/गंधवानी, सुरेन्द्र बावने। भादवी बीज के पावन अवसर पर क्षत्रिय सिरवी समाज गंधवानी द्वारा आई माता का 611वां प्रकटोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में विशाल चल समारोह निकाला गया, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चे शामिल हुए।


चल समारोह में आई माता की अखंड ज्योत एवं छायाचित्र को नगर भ्रमण कराया गया। 8 से 10 ढोल और डीजे की धुन पर समाजजन नाचते-गाते और उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। इससे पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा।


चल समारोह का नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं विभिन्न समाजों की ओर से क्षत्रिय सिरवी समाज के अध्यक्ष प्रवीण जामदारी का श्रीफल भेंट कर एवं साफा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।


समारोह में समाज की एकजुटता और अनुशासन भी देखने को मिला। पुरुष वर्ग सफेद परिधान में नजर आया, जबकि महिलाओं ने एक जैसी साड़ी का ड्रेस कोड अपनाकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। सभी समाजजन उत्साह और उमंग के साथ आई माता के प्रकटोत्सव में शामिल हुए।


चल समारोह दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः दुर्गा मंदिर प्रांगण पहुंचा। यहां धार्मिक कार्यक्रम के बाद समाजजनों ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसादी ग्रहण की।