भिंड, अक्षय जोशी। जिले में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शास्त्री नगर बी-ब्लॉक स्थित एक मकान में संचालित जुए के फड़ का पर्दाफाश किया है। देहात थाना पुलिस के नेतृत्व में नयागांव, बरोही और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम दबिश देकर मौके से 30 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर के एक मकान में बड़े स्तर पर जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। यहां भारी रकम के दांव लगाए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर एक साथ दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 4 लाख 52 हजार 400 रुपए नकद और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही ताश की चार गड्डियां बरामद की हैं। पुलिस ने मौके पर मौजूद 30 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि जुए के फड़ का कथित मुख्य संचालक शकील खान पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वहीं, कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस द्वारा वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











