जबलपुर, अनुराग शुक्ला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन पर्व पर होटल कृष्णा में ‘जीना इसी का नाम’ क्लब द्वारा भव्य जन्माष्टमी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृष्ण भक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का सुंदर संगम देखने को मिला। क्लब की सदस्यों ने उत्साह और उमंग के साथ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होकर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के पूजन एवं भक्ति भाव के साथ हुआ। इसके बाद क्लब की सदस्यों ने श्रीकृष्ण की लीलाओं और राधा-कृष्ण के प्रेम एवं भक्ति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक संगीत और भक्ति गीतों पर हुई प्रस्तुतियों ने उपस्थित सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण कृष्णमय बना रहा।
नृत्य प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा
समारोह में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में सदस्यों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रुपाली ग्रुप ने प्रथम, उषा जैन ने द्वितीय और अमृता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का उपस्थित सदस्यों ने तालियों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
मटकी सजाओ और मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही आकर्षण
जन्माष्टमी की परंपरा को जीवंत करते हुए मटकी सजाओ एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। मटकी सजाओ प्रतियोगिता में अनुपमा ने प्रथम, अंजली ने द्वितीय और मधु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में समता एवं अर्चना शर्मा विजेता रहीं। प्रतियोगिताओं के दौरान सदस्यों में खासा उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
प्रतिभाओं को मंच देना क्लब का उद्देश्य : अनामिका सिंघई
क्लब की फाउंडर प्रेसिडेंट अनामिका सिंघई ने कहा कि ‘जीना इसी का नाम’ क्लब का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। क्लब सदस्यों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें मंच प्रदान करने, प्रतिभा को निखारने तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और पर्वों से जुड़कर सभी सदस्य मिल-जुलकर जीवन के आनंद को महसूस करें, इसी भावना के साथ क्लब अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी जैसे पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, कर्म, प्रेम, भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को उत्सव के साथ आत्मसात करने का अवसर भी मिलता है।
बोर्ड सदस्यों का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की बोर्ड सदस्य उषा, रेखा, शालिनी, अर्चना, इंदिरा, साधना एवं दीक्षा का विशेष सहयोग रहा। क्लब की सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से आयोजन भव्य और यादगार बन गया। श्रीकृष्ण के जयकारों और उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।




