बालाघाट, रितेश सोनी। बालाघाट जिले की वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी और खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आ गई है। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर खैरलांजी में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामकुमार नगपुरे ने भरे मंच से अपनी ही पार्टी के स्थानीय विधायक विक्की पटेल के खिलाफ बेहद तल्ख और हमलावर रुख अपनाया।

मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए रामकुमार नगपुरे ने विधायक विक्की पटेल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने तीखे शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि विधायक किसी काम के नहीं हैं। इसके साथ ही नगपुरे ने जनता को उकसाते हुए यहां तक कह डाला कि विधायक जब क्षेत्र में आएं, तो उन्हें जूतों की माला पहनाई जाए और वे स्वयं उन्हें 30 जूते मारेंगे।

केवल जुबानी हमले ही नहीं, बल्कि नगपुरे ने विधायक के कामकाज और क्षेत्र में चल रही ठेकेदारी प्रथा को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए। सार्वजनिक मंच से अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ दिए गए इस बयान के बाद जिले के राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद से क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। यह घटनाक्रम दर्शाता है कि वारासिवनी कांग्रेस के भीतर असंतोष की आग काफी समय से सुलग रही थी जो अब खुलकर सामने आ चुकी है। फिलहाल इस विवादित बयान के बाद पूरे जिले की नजरें विधायक विक्की पटेल और कांग्रेस संगठन की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।