छतरपुर, संदीप यादव। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और पूर्व में दिए गए आश्वासन पर कार्रवाई न होने से नाराज भारतीय विद्यार्थी सेना ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में उग्र प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। लगभग एक घंटे तक चले इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
भारतीय विद्यार्थी सेना के नीतेश तिवारी ने बताया कि ने पूर्व में कुलपति को ज्ञापन सौंपकर परिसर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, पेयजल, बिजली और पठन-पाठन की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की थी। उस समय विश्वविद्यालय प्रबंधन ने लिखित में आश्वासन देकर मांगों को जल्द पूरा करने का वादा किया था। हालांकि, समय बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव न होने पर संगठन को पुन: आंदोलन की राह पकडऩी पड़ी।
छात्रों ने मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती, पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, हर कक्षा में पीने के साफ पानी का प्रबंध करने, गर्मी के मौसम को देखते हुए पंखे व लाइट चालू कराने तथा छात्राओं के लिए अलग से तीन नए शौचालयों के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर कर नियमित कक्षाएं संचालित करने पर जोर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान लंबे समय तक चली नारेबाजी के बाद कुलसचिव अपने चेंबर से बाहर आए। उन्होंने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से बातचीत की और समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का पुन: आश्वासन दिया। अब देखना यह होगा कि इस बार प्रबंधन अपने वादे पर कब तक अमल करता है। नीतेश तिवारी ने कहा कि अगर जल्द ही हमारी मांगे पूरी नहीं होती हैं तो विश्वविद्यालय में ताला लगाने के बाद कुलसचिव और कुलपति को सांकेतिक रूप से उनके चेम्बर से बाहर कर दिया जाएगा।













