कटनी, सुमित पाण्डेय। नन्हवारा सेजा और आसपास के बड़वारा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बच्चियां कटनी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों से मिलकर क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब पर तुरंत रोक लगाने की गुहार लगाई। महिलाओं का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे मजबूरन उन्हें एसपी तक गुहार लगाने आना पड़ा।

ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में अवैध शराब की बिक्री के कारण पूरा सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है और युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है। महिलाओं के अनुसार, वे इससे पहले भी गांव में विरोध रैलियां निकाल चुकी हैं, लेकिन जब भी वे इस अवैध कारोबार का विरोध करती हैं, तो शराब बेचने वाले लोग उनके साथ विवाद और मारपीट पर उतर आते हैं।

नशे में धुत असामाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ किए जाने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिलाओं का कहना है कि इस स्थिति के चलते गांव की महिलाओं और बच्चियों का रास्तों से निकलना तक दूभर हो गया है और उनमें लगातार असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। इससे पहले महिलाओं ने इस मामले की शिकायत बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के समक्ष भी रखी थी, लेकिन समाधान न मिलने पर उन्हें यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।