भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले 'चार इमली' इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को धेंगा दिखाते हुए चोरी की एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक पोरवाल के सरकारी बंगले से अज्ञात चोर चंदन का पेड़ काटकर उसका मुख्य तना चुरा ले गए। खास बात यह है कि यह सरकारी बंगला मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना के बंगले के बेहद नजदीक स्थित है। इस हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस वारदात के बाद से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
क्या है पूरा मामला?
चार इमली भोपाल का वह प्रमुख वीआईपी आवासीय क्षेत्र है, जहां प्रदेश के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास बने हुए हैं। इसे शहर का सबसे सुरक्षित इलाका माना जाता है। अज्ञात बदमाश रात के वक्त आईएएस अधिकारी विवेक पोरवाल के बंगले के परिसर में घुसे और वहां लगे कीमती चंदन के पेड़ को निशाना बनाया। बदमाश पेड़ का मुख्य तना काटकर अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और जांच शुरू कर दी है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा
इस घटना के सामने आने के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सियासी उबाल आ गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला बोला है: उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया और बयानों के जरिए सरकार से सवाल किया कि जब राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) के पड़ोस के बंगले में ही चोर सुरक्षित नहीं हैं और वहां चोरी हो सकती है, तो आम जनता की सुरक्षा की क्या गारंटी है?
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से तीखे सवाल करते हुए कहा कि यदि राजधानी के अति सुरक्षित वीआईपी जोन में अपराधी इस बेखौफ अंदाज में वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, तो बाकी प्रदेश के जिलों और ग्रामीण इलाकों की क्या स्थिति होगी? कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं और सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने पूछा कि जनता को सुरक्षा का भरोसा देने वाली पुलिस आखिर अपराधों पर कब काबू पाएगी।

















