छतरपुर, संदीप यादव। जिले के सटई रोड स्थित आईबीएस मैरिज गार्डन में जिला सेन समाज एवं युवा सेन संगठन के संयुक्त तत्वावधान में दशहरा मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस सामाजिक महाकुंभ में जिलेभर से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और उत्सव का आनंद लिया।

आपसी सौहार्द और वरिष्ठजनों का सम्मान

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामाजिक समरसता और आत्मीयता रहा, जहां सभी बंधुओं ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर और गले मिलकर विजयदशमी की बधाइयां दीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पधारे वरिष्ठ समाज सेवियों का स्वागत फूल-मालाओं से किया गया। उपस्थित वरिष्ठ जनों ने अपने प्रेरक उद्बोधन से समाज को एकजुटता और आगे बढ़ने का संदेश दिया।

नई कार्यकारिणी की घोषणा और नियुक्ति पत्र वितरण

समारोह के दौरान संगठन विस्तार की प्रक्रिया के तहत जिला सेन समाज की मुख्य कार्यकारिणी के चुनिंदा पदाधिकारियों की घोषणा की गई और उन्हें अधिकारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसी कड़ी में युवा सेन संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का भी ऐलान किया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।