ग्वालियर। ग्वालियर जिले के डबरा अनुभाग अंतर्गत पिछोर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। टेकनपुर स्थित ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बस करीब 50 मासूम स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही बस बड़ी अकबई गांव के समीप पहुंची, सड़क के ठीक बीचों-बीच एक स्विफ्ट कार खड़ी मिली। बस ड्राइवर खेम सिंह ने पहले अपने हेल्पर को भेजकर कार को किनारे करने का अनुरोध किया। कार में सवार दो युवकों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर गाड़ी हटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद ड्राइवर खेम सिंह स्वयं नीचे उतरा और बच्चों को स्कूल पहुंचने में हो रही देरी का हवाला देते हुए कार को धक्का देकर साइड में करने को कहा। इसी बात पर कार सवार युवक आपा खो बैठे और विवाद करने लगे।
जेब से कट्टा निकालकर किए 4 फायर, छर्रे लगने से लहूलुहान हुआ ड्राइवर
विवाद बढ़ने पर कार सवार एक युवक ने अचानक जेब से देसी कट्टा निकाला और ड्राइवर खेम सिंह पर एक के बाद एक 4 फायर झोंक दिए। कट्टे से निकले छर्रे सीधे ड्राइवर की आंख के पास और गाल पर जा धंसे, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। बस के भीतर मौजूद करीब 50 स्कूली बच्चे गोलियों की आवाज और यह खूनी मंजर देखकर बुरी तरह सहम गए और बस में चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी कार सवार मौके से फरार हो गए।
काली फिल्म और शीशे पर लिखा था 'गुर्जर', ग्वालियर रेफर हुआ घायल
वारदात के बाद घायल ड्राइवर को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से तुरंत डबरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत के अनुसार, घायल ड्राइवर ने बताया कि आरोपियों की स्विफ्ट कार के सभी शीशों पर नियमों के विपरीत काली फिल्म चढ़ी हुई थी और कार के पिछले कांच पर बड़े अक्षरों में 'गुर्जर' लिखा हुआ था। बस में सवार एक स्कूली छात्र ने बताया कि गोली चलाने वाले युवक के सिर पर बड़े-बड़े बाल थे और उसने अचानक कट्टा निकालकर हमला किया।
नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार और पिछोर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
सौरभ कुमार (एसडीओपी, डबरा)
"घटना बेहद गंभीर है। घायल ड्राइवर को उपचार के लिए भेजा गया है और बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कार की पहचान कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"




