इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश शासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 – नो टू ड्रग्स" अभियान के तहत इंदौर में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। पलासिया स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से निकली जागरूकता रैली को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, डॉक्टरों, एनसीसी कैडेट्स और पुलिस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से अभियान का शुभारंभ किए जाने के बाद इंदौर में भी इसका प्रभावी क्रियान्वयन शुरू किया गया। रैली पलासिया चौराहे से 56 दुकान तक निकाली गई, जहां आमजन को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाले सामाजिक व पारिवारिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कई बार युवा साथियों के दबाव, तनाव या क्षणिक आनंद के कारण नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं, लेकिन इसके गंभीर परिणाम पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, व्यावसायिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाते हुए लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में व्यापक जनआंदोलन खड़ा करना है।




