इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित सांई सुमन नगर में एक 39 वर्षीय युवक ने अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से कुछ ही देर पहले युवक ने अपने करीबी दोस्त को फोन कर कहा, "घरवालों को बोल देना, मैं जा रहा हूँ।" सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मृतक की पहचान विशाल चौहान (39) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण वह घर पर अकेला था। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और अकेलेपन के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि विशाल अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अलग रहता था, लेकिन पिछले करीब दो महीने से उसकी पत्नी बच्चों के साथ एरोड्रम क्षेत्र स्थित अपने मायके में रह रही थी। इससे वह मानसिक तनाव में चल रहा था।


पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या से पहले विशाल ने अपने दोस्त को फोन कर अंतिम संदेश दिया। दोस्त ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, लेकिन जब तक वे कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे, विशाल फंदे पर लटका मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।


बाणगंगा थाना पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।