रायसेन, जीतेन्द्र यादव। जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगरी में जमीन के मालिकाना हक को लेकर चल रहा पुराना विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। खेत में बुआई को लेकर हुए विवाद के दौरान बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में मृतक के दो बेटे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक विष्णु प्रसाद सेन (61) अपने पुत्र अखिलेश और अजय के साथ खेत पर पहुंचे थे। उस समय उनके बड़े भाई नारायण सेन (65) खेत की जुताई कर रहे थे। बुआई को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि नारायण सेन और उसके पक्ष के लोगों ने धारदार हथियारों और चाकुओं से हमला कर दिया। मुख्य आरोपी ने विष्णु प्रसाद की पीठ में रीढ़ के पास चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल विष्णु प्रसाद को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में भोपाल एम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता को बचाने पहुंचे दोनों बेटों पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। अखिलेश के गले और अजय के कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
एसडीओपी शीला सुराणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन और खेती को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खेत में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और अफरा-तफरी दिखाई दे रही है। वीडियो में मौजूद लोग आरोपियों से चाकू छोड़ने की अपील करते सुनाई दे रहे हैं, जबकि घायल युवक खून से लथपथ नजर आ रहे हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




