रायगढ़/छत्तीसगढ़, रोहित तिर्की। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जगत जननी माँ अंबेटिकरा मंदिर परिसर में शासकीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शासकीय समिति के अध्यक्ष एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) ने की। इस दौरान समिति के सचिव टीकाराम पटेल, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में नवरात्रि के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा तथा पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए बेरिकेडिंग एवं व्यवस्थित कतार प्रणाली लागू की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा भंडारा एवं प्रसाद वितरण के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है, जबकि मेले में दुकानों के आवंटन और पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ अंबेटिकरा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध तैयारियां आवश्यक हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन का लाभ मिल सके।
बैठक में मंदिर समिति एवं जनप्रतिनिधियों ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सांसद के सहयोग से मंदिर परिसर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया कि माँ अंबेटिकरा के आशीर्वाद और मंदिर के निरंतर विकास से क्षेत्र की धार्मिक पहचान, मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में लगातार वृद्धि हो रही है।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने भोग-प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सचिव टीकाराम पटेल ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नवरात्रि पर्व के सफल आयोजन के लिए सभी से सहयोग की अपील की।














