छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। क्षेत्र के बलकोरा सहकारी समिति में खाद की कालाबाजारी और अवैध वितरण का एक बड़ा मामला सामने आया है। रविवार देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर सोसाइटी परिसर में अवैध तरीके से खाद बांटी जा रही थी, जिसकी भनक लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसानों ने समिति प्रबंधक बेनीपाल को रंगे हाथों धर दबोचा।

ग्रामीणों के विरोध और आक्रोश को देखकर प्रबंधक घबरा गया और सोसाइटी में ताला डालकर तथा खाद की बोरियां मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद से स्थानीय किसानों में भारी रोष व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि जब जरूरतमंद अन्नदाता लाइनों में खड़े रहकर परेशान हो रहे हैं, तब इस तरह से अवैध रूप से खाद की कालाबाजारी की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सहकारिता विभाग हरकत में आ गया है तथा पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।