नई दिल्ली। शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े जो लोग देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करना चाहते हैं, उनके लिए इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने सीधी भर्ती अभियान के तहत अपने अलग-अलग स्कूल ऑफ स्टडीज में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 43 टीचिंग पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है।इग्नू की ओर से जारी 43 रिक्तियों में प्रोफेसर के 21, एसोसिएट प्रोफेसर के 16 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 6 पद शामिल हैं। वहीं, इग्नू के जिन स्कूलों में रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज, स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज, स्कूल ऑफ साइंसेज, स्कूल ऑफ कंटीन्यूइंग एजुकेशन, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज, स्कूल ऑफ लॉ, स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड न्यू मीडिया स्टडीज, स्कूल ऑफ टूरिज्म-हॉस्पिटैलिटी सर्विस सेक्टोरल मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ इंटरडिसिप्लिनरी एंड ट्रांसडिसिप्लिनरी स्टडीज, स्कूल ऑफ सोशल वर्क, स्कूल ऑफ फॉरेन लैंग्वेज, स्कूल ऑफ ट्रांसलेशन स्टडीज एंड ट्रेनिंग और स्कूल ऑफ परफॉर्मिंग एंड स्पेशल आर्ट्स शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने के बाद कैंडिडेट्स को अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'निदेशक, शैक्षणिक समन्वय प्रभाग, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, मैदान गढ़ी, नई दिल्ली-110068' पते पर डाक या अन्य माध्यम से 30 अक्टूबर तक पहुंचाना होगा।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी प्रोफेसर के लिए 1,44,200 से 2,18,200 रुपए, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 1,31,400 से 2,17,100 और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 57,700 से 1,82,400 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए इग्नू की ओर से अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।