भोपाल। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां बवरिया रोड स्थित एक होटल में चेकिंग के नाम पर पहुंची पुलिस द्वारा एक बालिग कपल को कथित तौर पर गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा एक्शन लिया है और एडिशनल एसपी (ASP) व एसडीओपी (SDOP) समेत 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


क्या है पूरा मामला और वायरल वीडियो का सच?

जानकारी के अनुसार, सिवनी के बवरिया रोड स्थित एक होटल में एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी और अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे थे। होटल संचालक का आरोप है कि पुलिस ने वहां ठहरे एक बालिग कपल को पकड़ा और उन्हें डराते-धमकाते हुए गांजे के झूठे मामले में फंसाने की बात कही। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एएसपी दीपक मिश्रा कथित तौर पर कपल को गांजे के मामले में फंसाने की धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटनाक्रम के बाद होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली और मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।


सीएम मोहन यादव का 'जीरो टॉलरेंस' एक्शन

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस अधिकारियों पर सीधे गाज गिराई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (X) पर जानकारी देते हुए लिखा, "पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।"


सीएम ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"


डीजीपी ने दिए विस्तृत जांच के आदेश

इस बड़े एक्शन से पहले ही थाना प्रभारी सतीश तिवारी समेत चार अन्य पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया था। मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि सिवनी के एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी को सस्पेंड करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था, जिस पर अब मुख्यमंत्री ने मुहर लगा दी है। डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की फोरेंसिक पुष्टि की जाएगी और विस्तृत जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।