पन्ना/शाहनगर, प्रियप्रकाश तिवारी। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर परिसर स्थित माता रानी के मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। श्रद्धा और भक्तिभाव से सराबोर वातावरण में हवन-पूजन, कन्या भोज, ब्राह्मण भोज और विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। पंडित श्री गर्ग जी के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान का प्रारंभ हुआ। बीएमओ सर्वेश लोधी, डॉ. आशीष तिवारी और बीपीएम दिनेश मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मुख्य यजमान के रूप में आहुतियां देकर पूरे क्षेत्र की सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
कन्या पूजन और ब्राह्मण भोज के बाद देर शाम तक चला महाप्रसाद वितरण
वैदिक हवन-पूजन की पूर्णाहुति के उपरांत कन्या भोज एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। इसके बाद विशाल महाप्रसाद भंडारा शुरू हुआ, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक चले इस भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जिसे सुचारु रूप से संचालित करने में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जन-प्रतिनिधि, पुलिस और समाजसेवियों ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
इस भव्य आयोजन में मनोज जैन सहित क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधियों, थाना प्रभारी रवि सिंह जादौन, पुलिस बल, स्थानीय पत्रकारों और समाजसेवियों ने सहभागिता निभाई। सभी ने माता रानी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तिमय माहौल में संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने समाज में आस्था, सेवा भावना और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश की।

















