राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। खुजनेर के पास अनियंत्रित होकर एक कार सड़क किनारे गहरे तालाब में जा गिरी, जिससे उसमें सवार 5 दोस्तों की जलसमाधि बन गई और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृतक शाजापुर जिले से एक ही कार में सवार होकर राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
20 मिनट बाद क्रेन से निकाली गई कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 8 बजे भीलखेड़ी जोड़ के पास हुआ। शाजापुर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी और देखते ही देखते पूरी तरह पानी में समा गई।
घटना की भयावहता देख आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल-100 व स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम क्रेन लेकर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद कार के कांच तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांचों सवारों की सांसें थम चुकी थीं।
तेज रफ्तार मानी जा रही हादसे की वजह, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
प्रारंभिक पुलिस जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार के चलते वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि एहतियात के तौर पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तालाब में व्यापक सर्च ऑपरेशन भी चलाया, ताकि यह पूरी तरह सुनिश्चित किया जा सके कि कार में कोई अन्य व्यक्ति तो सवार नहीं था। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर सभी 5 शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मृतकों में दो चचेरे भाई शामिल, गांव में पसरा मातम
पुलिस के अनुसार, सभी मृतक शाजापुर जिले के अरंडिया और अरंडिया खुर्द गांव के निवासी थे। शनिवार सुबह सभी मित्र धार्मिक यात्रा पर राजस्थान खाटू श्याम धाम के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन राजगढ़ पहुंचने से पहले ही काल का ग्रास बन गए। मृतकों में गोविंद तिवारी और कमल किशोर तिवारी आपस में चचेरे भाई थे। इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोग:
- गोविंद तिवारी (55 वर्ष), निवासी अरंडिया खुर्द
- कमल किशोर तिवारी (57-58 वर्ष), निवासी अरंडिया खुर्द
- शंकर नाथ (58 वर्ष), निवासी अरंडिया खुर्द
- अरविंद वर्मा (50 वर्ष), निवासी अरंडिया
- रोहित पटेल (40-42 वर्ष), निवासी अरंडिया




