जयपुर। फ्रैंकफर्ट (जर्मनी) से भारत की राजधानी दिल्ली आ रही एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट AI-2030 की बुधवार सुबह जयपुर में अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सुबह लगभग 9 बजे अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान से एक संक्षिप्त इमरजेंसी सिग्नल प्राप्त हुआ था। इसके बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से तत्काल फैसला लेते हुए फ्लाइट का मार्ग बदला गया और सुबह 9:10 बजे इसे जयपुर के लिए डायवर्ट कर दिया गया। सुबह 9:45 बजे विमान ने जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड किया, जिसके तुरंत बाद इसे रनवे से हटाकर आइसोलेशन-बे में खड़ा किया गया।
अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा, यात्रियों और प्लेन की जांच शुरू
विमान के जयपुर में उतरते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस समेत विभिन्न जांच एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी तुरंत आइसोलेशन-बे पहुंचे और विमान के अंदर दाखिल होकर स्थिति का जायजा लिया। विमान में मौजूद सभी यात्रियों और उनके सामान की सघन तलाशी ली जा रही है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने तक विमान आइसोलेशन-बे में ही रहेगा।
13 अक्टूबर की रात फ्रैंकफर्ट से भरी थी उड़ान, सुबह दिल्ली में थी लैंडिंग
फ्लाइट ट्रैकिंग पोर्टल 'फ्लाइटरडार24' के अनुसार, एअर इंडिया का यह विमान 13 अक्टूबर की रात 9:45 बजे फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। इसे अपने निर्धारित समय के अनुसार 14 अक्टूबर की सुबह 10:40 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचना था। हालांकि, उड़ान के अंतिम चरण में मिली सुरक्षा चेतावनी के कारण इसे दिल्ली के बजाय जयपुर में उतारना पड़ा।
आधिकारिक बयान का इंतजार, अभी तक किसी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं
घटना के बाद से ही हवाई अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, जांच प्रक्रिया पूरी न होने के कारण अभी तक किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही स्थिति को लेकर विस्तृत बयान जारी किया जाएगा।














