मातम में बदलीं भाई दूज की खुशियां: मौसी के घर आए भाई-बहन तालाब में डूबे, भाई की मौत

Advertisement
छतरपुर (विनोद मिश्रा)। जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरमऊ में गुरुवार की सुबह एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। भाई-दूज के पावन पर्व पर, जहां बहनें अपने भाई की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, वहीं पुरमऊ के तालाब में नहाने गए एक मासूम भाई की डूबने से मौत हो गई। अपने भाई को काल के गाल से खींचने के लिए तालाब में कूदी 12 वर्षीय बहन भी गहरे पानी में समा गई, जिसकी हालत फिलहाल बेहद गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 वर्षीय मृतक अमित रैकवार अपनी बड़ी बहन 12 वर्षीय नैंसी और मां शकुंतला के साथ होली का त्यौहार मनाने महोबा जिले के पवा गांव से अपने मौसाजी छोटेलाल रैकवार के घर ग्राम पुरमऊ आया था। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों भाई-बहन गांव के पास स्थित तालाब में नहाने चले गए। नहाते समय अचानक अमित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को तड़पता देख बहन नैंसी ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी गहरा होने के कारण वह भाई को तो नहीं बचा सकी और खुद भी डूबने लगी।
तालाब किनारे बच्चों को डूबता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और तुरंत पानी में कूदकर दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक नियति अपना क्रूर खेल खेल चुकी थी, नन्हे अमित की सांसें थम चुकी थीं। गंभीर हालत में नैंसी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसे बचाने का प्रयास कर रही है। वहीं अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद रैकवार परिवार और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस घर में भाई-दूज के पकवान बनने थे, वहां अब अपनों की चीखें सुनाई दे रही हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


