छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा को पुलिस ने उनके निवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया। उनके घर के बाहर और सड़क के दोनों ओर पुलिस बल तैनात किया गया। बताया गया कि सागर जिले में कथित शराब कांड में हुई मौतों को लेकर गुलाबी गैंग की ओर से फव्वारा चौक पर प्रदर्शन और सद्बुद्धि यज्ञ का कार्यक्रम प्रस्तावित था।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकलने से पहले ही पुलिस ने पूर्णिमा वर्मा को घर से बाहर जाने से रोक दिया। पूर्णिमा वर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से सद्बुद्धि यज्ञ करने जा रही थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कई स्थानों पर अवैध शराब की फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और इसी मुद्दे पर वह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहती हैं।
पूर्णिमा वर्मा ने बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लेकर प्रशासन से चर्चा भी की गई थी, इसके बावजूद सुबह से पुलिस ने उनके घर के बाहर घेराबंदी कर दी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर उनका क्या गुनाह है, जिसके चलते उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें छिंदवाड़ा के परिवारों की चिंता है और नशे के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।




