भोपाल, जीतेन्द्र यादव। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार को प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार दोनों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की तानाशाह सरकार डर के कारण घेराबंदी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट की चोरी हो रही है और प्रदेश में ओबीसी आरक्षण की चोरी की जा रही है।
सिंघार ने कहा कि ओबीसी वर्ग को अपने वोट देकर छलावा किया गया है। ओबीसी आरक्षण के मामले में सरकार ने छुरा भोंकने का काम किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम कभी सर्वदलीय बैठक की बात करते हैं तो कभी कोर्ट की। लेकिन न तो उन्होंने कोर्ट में सही पक्ष रखा और न ही ओबीसी वर्ग को साथ लेकर चले।
नेता प्रतिपक्ष ने हाईकोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कोर्ट के आदेश को विस्तार से पढ़ा है। आरक्षण जैसे गंभीर मामले में सरकार ने अपना पक्ष गंभीरता से नहीं रखा। हाईकोर्ट ने भी सवाल उठाया था कि इतने पुराने आंकड़ों के आधार पर कैसे सुनवाई हो सकती है। कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि नए आंकड़े क्यों नहीं जुटाए गए।
उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती थी कि पिछड़ों को आरक्षण मिले। इसलिए जानबूझकर लापरवाही बरती गई।











