मुंबई। साउथ इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक एसएस राजामौली शनिवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स ने न सिर्फ जन्मदिन की बधाई बल्कि, उनके लंबे स्वास्थ्य की कामना भी की।

अभिनेता महेश बाबू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निर्देशक की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह हंसते हुए नजर आ रहे हैं। महेश बाबू ने निर्देशक के साथ काम करने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "आपको अब तक का सबसे यादगार जन्मदिन मुबारक हो एसएस राजामौली सर। हम साथ में जिस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं वह जल्दी आए, क्योंकि अब मैं इसका और इंतजार नहीं कर सकता हूं।"

अभिनेता जूनियर एनटीआर ने फिल्ममेकर एसएस राजामौली को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह अपनी फिल्मों से लगातार एक नया मुकाम हासिल करते हैं और फिर खुद ही उसे पार कर जाते हैं।

एक्टर ने राजामौली के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर की, जिसमें पर्दे के पीछे की उनकी दोस्ती की झलक देखने को मिली। तस्वीर में जूनियर एनटीआर पीछे से राजामौली को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों इस पल में काफी खुश दिख रहे हैं।

राजामौली ने काले रंग के कपड़े पहने हुए हैं और मुस्कुरा रहे हैं, जबकि जूनियर एनटीआर उनके कंधे पर झुके हुए प्यार से उन्हें पकड़े हुए हैं। जूनियर एनटीआर ने लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो उस शख्स को, जो लगातार ऊंचाइयां बढ़ाता है और फिर खुद ही उसे पार कर जाता है। लव यू जक्कन्ना एसएस राजामौली।"

अभिनेता रामचरण ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए निर्देशक को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर नोट शेयर कर फिल्म वारणसी को लेकर उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो मेरे प्यारे एसएस राजामौली गारू। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और कई और सालों तक भारतीय सिनेमा का नाम रोशन करने की कामना करता हूं। वाराणसी के साथ आप जो शानदार फिल्म बना रहे हैं, उसे देखने का बेसब्री से इंतजार है।"